प्रफुल्ल सांवरिया होंगे राजस्थान टीम के कोच, मनीष सालवी को मिली राष्ट्रीय रेफरी की जिम्मेदारी
उदयपुर, 25 जून: महाराष्ट्र के नासिक में 25 से 28 जून तक आयोजित होने वाली 14वीं सब जूनियर एवं जूनियर नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 में उदयपुर के दो खेल अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रतियोगिता में प्रफुल्ल सांवरिया राजस्थान टीम के कोच के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे, जबकि मनीष सालवी राष्ट्रीय रेफरी की भूमिका निभाएंगे।
पेंचक सिलाट एसोसिएशन उदयपुर के मुख्य सचिव हरीश कुमार सांवरिया ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उदयपुर के खेल अधिकारियों को जिम्मेदारी मिलना जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल सांवरिया के अनुभव और प्रशिक्षण से राजस्थान टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं मनीष सालवी को राष्ट्रीय रेफरी नियुक्त किया जाना उनकी खेल समझ, निष्पक्षता और लंबे अनुभव का सम्मान है।
प्रतियोगिता में देशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उदयपुर पेंचक सिलाट परिवार ने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए राजस्थान दल के शानदार प्रदर्शन की कामना की है।