नगर परिषद : दस दिन में 108 से अधिक प्रकरणों का निस्तारण, 89 परिवारों को योजनाओं से जोड़ा
सेवा सेतु अभियान में नगर परिषद ने दिखाई तेजी, जीरो पेंडेंसी की दिशा में बड़ा कदम; 68 पट्टे जारी, 12 भवन निर्माण स्वीकृतियां भी दीं
डूंगरपुर, 16 अक्टूबर । शहरवासियों को अपने छोटे-बड़े कामों के लिए नगर परिषद के बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ें और लंबित प्रकरणों का समय पर निस्तारण हो, इसी उद्देश्य के साथ शुरू किए गए सेवा सेतु अभियान में नगर परिषद ने बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार के निर्देश पर 7 से 16 अक्टूबर तक चले दस दिवसीय अभियान में परिषद ने पट्टे जारी करने से लेकर भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण और भू-उपयोग परिवर्तन जैसे मामलों में तेजी दिखाई। अभियान के दौरान 68 पट्टे जारी किए गए, जबकि उपविभाजन, नामांतरण, लीज मुक्ति और अन्य प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई गई। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 31 पात्र परिवारों को प्रथम किस्त और 58 लोगों को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़कर लाभान्वित किया गया।
वादों को धरातल पर उतारने की पहल, लंबित फाइलों पर चला काम :-
अभियान के समापन पर नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के समय आमजन से किए गए वादों को अब एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। परिषद की प्राथमिकता है कि शहरवासियों के काम तय समय पर हों और उन्हें किसी भी प्रकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसी सोच के साथ पहले दिन से ही जीरो पेंडेंसी की दिशा में काम शुरू किया गया और लंबित फाइलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान में मिले परिणाम इस बात का प्रमाण हैं कि परिषद आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सभापति ने कहा, आमजन का भरोसा ही नगर परिषद की ताकत है। हमारा प्रयास है कि लोगों को समय पर राहत मिले और उनके काम पारदर्शिता के साथ पूरे हों।
पट्टे से लेकर भवन निर्माण स्वीकृति तक मिली राहत :-
दस दिवसीय अभियान के दौरान नगर परिषद ने 68 पट्टे जारी किए। इसके अलावा 12 भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गईं। 31 उपविभाजन और 39 नामांतरण के प्रकरणों का निस्तारण किया गया। सात लीज मुक्ति पत्र जारी करने के साथ दो भू-उपयोग परिवर्तन के मामलों में भी कार्रवाई की गई। इन कामों से उन लोगों को राहत मिली, जो लंबे समय से अपने प्रकरणों के निस्तारण का इंतजार कर रहे थे। परिषद ने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 31 परिवारों को प्रथम किस्त जारी करने की प्रक्रिया से लाभ मिला, वहीं 58 लोगों को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ा गया।
शनिवार-रविवार को भी होंगे आमजन के काम : –
उपसभापति अनिल पटेल ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के उद्देश्य के साथ परिषद का आठवां बोर्ड सभापति के नेतृत्व में काम कर रहा है। आमजन की सुविधा को देखते हुए शनिवार और रविवार को भी परिषद में कामों के निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ शहरवासियों के कामों को गति देना परिषद की प्राथमिकता है। दीपावली से पहले शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
लाभार्थियों ने कहा— सालों का काम दिनों में हुआ :-
कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थियों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए कहा कि जिन कामों के लिए उन्हें लंबे समय से इंतजार करना पड़ रहा था, वे कुछ ही दिनों में पूरे हो गए। उन्होंने इसे आमजन के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि नगर परिषद ने समय पर काम कराकर उनका भरोसा बढ़ाया है।
समापन कार्यक्रम में आयुक्त ललित सिंह, एटीपी सचिन पंड्या, अमृत मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के जरिए परिषद ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि प्रशासनिक कामकाज में तेजी, लंबित प्रकरणों का निस्तारण और आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।