स्वच्छता सिटिजन फीडबैक सर्वे में बढ़-चढ़कर भाग लें डूंगरपुरवासी: के.के. गुप्ता

Share

जनभागीदारी से ही डूंगरपुर बनेगा प्रदेश का आदर्श स्वच्छ शहर
डूंगरपुर, 13 मई:
स्वच्छ भारत मिशन शहर के प्रदेश ब्रांड एंबेसडर एवं नगर परिषद के पूर्व सभापति के.के. गुप्ता ने डूंगरपुरवासियों से स्वच्छता सिटिजन फीडबैक सर्वे में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान उसकी स्वच्छता, नागरिक अनुशासन और जनभागीदारी से होती है तथा डूंगरपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विशेष पहचान बनाई है।
गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिकों का फीडबैक अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यह केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि शहर की वास्तविक स्थिति और नागरिक संतुष्टि का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि यदि अधिकाधिक नागरिक सकारात्मक भागीदारी निभाते हैं तो डूंगरपुर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिंग हासिल कर सकता है।
उन्होंने युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। गुप्ता ने कहा कि घर-घर कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई जैसे प्रयासों के कारण डूंगरपुर मॉडल की प्रदेशभर में सराहना हो रही है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित बैठकों में डूंगरपुर नगर निकाय के कार्यों और यहां के नागरिकों की जागरूकता की विशेष प्रशंसा की गई।
गुप्ता ने नगर परिषद, सफाई कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक संकल्प से ही डूंगरपुर देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में शामिल हो सकता है।