ई-वेस्ट संग्रहण शिविर शुरू, पहले दिन एक टन कचरा जमा

Share

5 नवंबर तक चलेगा शिविर, आमजन भी उचित मूल्य पर बेच सकेंगे इलेक्ट्रॉनिक कचरा
उदयपुर, 4 नवम्बर:
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक (मिशन लाइफ) के तहत मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूसीसीआई भवन में बुधवार को दो दिवसीय ई-वेस्ट संग्रहण शिविर शुरू हुआ। पहले दिन शहर के विभिन्न उद्योगों ने करीब एक टन इलेक्ट्रॉनिक कचरा जमा कराया।
शिविर का आयोजन राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय और उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (यूसीसीआई) की ओर से अधिकृत रिसाइक्लर अडाटे ई-वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया जा रहा है।
क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा ने बताया कि शिविर गुरुवार को भी जारी रहेगा। इसमें आम नागरिक और संस्थान अपना ई-वेस्ट जमा कराकर उचित मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अधिकृत प्रतिनिधि सुरेश साल्वी से मोबाइल नंबर 9929499264 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर को सुबह 10.30 बजे यूसीसीआई भवन में ई-वेस्ट कम करने के विषय पर जागरूकता कार्यशाला होगी। कट्टा ने कहा कि ई-वेस्ट को घरेलू कचरे में फेंकने या अनधिकृत कबाड़ियों को बेचने से सीसा, पारा और कैडमियम जैसे जहरीले तत्व पर्यावरण में फैलते हैं। इसलिए इसे अधिकृत रिसाइक्लर को ही सौंपना चाहिए।