किसने मारी, पता नहीं चला
उदयपुर, 29 अगस्त: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के सीडियास गांव में शुक्रवार रात खेत पर बने बाड़े में फायरिंग से सनसनी फैल गई। भैंसों की देखभाल करने गए 70 वर्षीय शंकर दरोगा को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली सीने में लगने से वह गंभीर घायल हो गए। उन्हें पहले मांडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। यहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बेटे को फोन कर दी वारदात की जानकारी
शंकर शुक्रवार शाम खेत पर बने बाड़े में भैंसों की देखभाल करने गए थे। रात करीब 9 बजे उन्होंने बेटे भंवर सिंह को फोन कर बताया कि किसी ने उन्हें गोली मार दी है। सूचना मिलते ही बेटा मौके पर पहुंचा, जहां पिता घायल हालत में मिले। ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
हमलावर कौन, कारण भी स्पष्ट नहीं
भंवर सिंह ने बताया कि पिता को गोली किसने मारी और हमले का कारण क्या था, इसकी जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। फायरिंग के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
सागवाड़ा में 7 सूने मकानों में चोरी
डूंगरपुर, 29 अगस्त: सागवाड़ा थाना क्षेत्र की मंगलम विहार कॉलोनी में शनिवार अलसुबह चोरों ने एक साथ सात सूने मकानों के ताले तोड़कर सनसनी फैला दी। राखी के त्योहार पर परिवारों के बाहर होने का फायदा उठाकर चोर घरों से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, हजारों रुपए की नकदी और अन्य सामान ले गए। कॉलोनी निवासी श्रीपाल निनामा ने बताया कि वह और छह अन्य परिवार रक्षाबंधन पर घर से बाहर गए थे। सुबह लौटने पर मकानों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक साथ सात मकानों में चोरी से पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है।
अदवास में सूने घर से आधा किलो चांदी चोरी
सलूंबर, 29 अगस्त: जावर माइंस थाना क्षेत्र के अदवास गांव में रक्षाबंधन पर परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। सुथार मोहल्ले में चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और पेटी तथा अलमारी के ताले तोड़कर करीब आधा किलो चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। रमेश पुत्र नारायण सुथार का परिवार रक्षाबंधन मनाने बाहर गया हुआ था। चोरों ने चांदी की चूड़ियां, पायजेब, अंगूठियां सहित अन्य आभूषण समेट लिए। इसके बाद उन्होंने घर में रखी गेहूं की कोठियों और आटे तक को खंगाल डाला। वारदात के बाद पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।