जमीन विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

Share

4 महिलाओं समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
बांसवाड़ा 15 जुलाई:
आनंदपुरी थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में जमीन विवाद को लेकर बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 4 महिलाओं सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद सभी आरोपी घरों पर ताला लगाकर और मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई की सुबह जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी पक्ष लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचा और सानूर तथा उसके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में 58 वर्षीय सोहन पुत्र कपुरा पटेल भील सहित कई लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को आनंदपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महात्मा गांधी अस्पताल, बांसवाड़ा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 10 जुलाई को सोहन की मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शंकरलाल, पप्पू, गोविंद, महेश, कान्तिलाल, मणी तथा मोगी, रेखा और कोकिला शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।