21 जून को होगा चारण महासभा अध्यक्ष का चुनाव

Share

21 जून को होगा चारण महासभा अध्यक्ष का चुनाव
सात जिलों के 2200 मतदाता करेंगे मतदान, दो प्रत्याशी मैदान में
उदयपुर, 19 जून:
चारण महासभा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 21 जून को भोपाल चारण छात्रावास, सूरजपोल स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।
चुनाव में उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और राजसमंद जिलों के चारण समाज के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए लगभग 2200 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान के दौरान आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
अध्यक्ष पद के लिए सेवानिवृत्त सीआई नरेंद्र सिंह सौदा (राबचा) और भेरूसिंह सौदा (डीडवाना) के बीच सीधा मुकाबला होगा। दोनों प्रत्याशी पिछले कई दिनों से समाज के मतदाताओं के बीच जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।
चारण महासभा संस्थान के संविधान के अनुसार निर्वाचित अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। अध्यक्ष को अन्य पदों पर मनोनयन का अधिकार रहेगा तथा एक माह के भीतर नई कार्यकारिणी का गठन करना होगा।
निर्वाचन प्रक्रिया के लिए नरपत सिंह को पर्यवेक्षक तथा जब्बर सिंह एवं महिपाल सिंह को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है।