संभाग के निकायों में उपसभापति-उपाध्यक्ष के चुनाव पूरे

Share

उदयपुर जिले में कांग्रेस, चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा-डूंगरपुर में भाजपा का दबदबा; सलूंबर में भाजपा के बागी निर्दलीय ने मारी बाजी
उदयपुर, 22 सितम्बर:
नगर निकाय आम चुनाव के बाद मंगलवार को मेवाड़-वागड़ संभाग के विभिन्न निकायों में उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के चुनाव हुए। उदयपुर जिले की फतहनगर-सनवाड़ और कानोड़ नगरपालिकाओं में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर के निकायों में भाजपा प्रत्याशियों ने उपसभापति पद हासिल किया। सलूंबर में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे डॉ. लव व्यास ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की। कई निकायों में क्रॉस वोटिंग भी सामने आई।
फतहनगर-सनवाड़ में श्रेया रोनक गर्ग विजयी
फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका में कांग्रेस की श्रेया रोनक गर्ग उपाध्यक्ष चुनी गईं। उन्हें 13 वोट मिले, जबकि भाजपा के मुकेश खटीक को 11 मत मिले। एक वोट खारिज हुआ। कानोड़ नगरपालिका में कांग्रेस के दिलीप सिंह सोलंकी उपाध्यक्ष चुने गए। उन्हें 14 मत मिले, जबकि भाजपा के चेतन मेनारिया को 6 वोट मिले। यहां कांग्रेस के 14 और भाजपा के 6 पार्षद हैं।
चित्तौड़गढ़ में सुदर्शन रामपुरिया बने उपसभापति
चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में भाजपा के सुदर्शन रामपुरिया उपसभापति निर्वाचित हुए। उन्हें 36 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद इब्राहिम छीपा को 23 मत मिले। एक वोट प्रारूप पर सील लगाने के कारण निरस्त हुआ। परिणाम के बाद समर्थकों ने रामपुरिया को कंधों पर उठाकर जश्न मनाया।
बांसवाड़ा में चंकी शाह, कुशलगढ़ में नरेश कुमार विजयी
बांसवाड़ा नगर परिषद में भाजपा के चंकी शाह उपसभापति बने। उन्हें 36 मत मिले, जबकि कांग्रेस के फखरुद्दीन रतलामवाला को 24 वोट मिले। परतापुर-गढ़ी नगरपालिका में कांग्रेस के इश्तियाक अहमद ने भाजपा की ममता राठौर को 13-12 से हराया। कुशलगढ़ में भाजपा के नरेश कुमार को 11 और कांग्रेस के रजनीकांत को 9 वोट मिले।
डूंगरपुर और सागवाड़ा में भाजपा के उपाध्यक्ष
डूंगरपुर नगर परिषद में भाजपा के अनिल पटेल उपसभापति बने। उन्हें 24 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की फरीदा बेगम को 13 वोट मिले। यहां भाजपा के पास 25 पार्षद होने के बावजूद एक वोट कम मिला। सागवाड़ा में भाजपा के योगेश जैन उपाध्यक्ष चुने गए। भाजपा को 21 और कांग्रेस को 10 वोट मिले। दोनों निकायों में क्रॉस वोटिंग सामने आई।
सलूंबर में भाजपा के बागी डॉ. लव व्यास जीते
सलूंबर नगर परिषद में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले डॉ. लव व्यास उपसभापति चुने गए। उन्हें 13 वोट मिले, जबकि भाजपा के अखिलेश बाहेती को 12 मत मिले। परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन कर डॉ. व्यास का पुतला जलाया।