नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, बूथ सशक्तिकरण और संगठनात्मक अनुशासन पर हुई विस्तृत चर्चा
उदयपुर, 17 अप्रैल: भारतीय जनता पार्टी शहर जिला उदयपुर की मासिक संगठनात्मक बैठक गुरुवार को पार्टी कार्यालय पटेल सर्कल पर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायत राज चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन सशक्त बनाने तथा संगठनात्मक अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं के समाधान में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद सामर ने 716 बूथों की समीक्षा, शेष बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति और मतदाता सूची पुनरीक्षण को प्राथमिकता बताते हुए संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने पर बल दिया।
जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने विगत माह आयोजित प्रशिक्षण शिविरों, स्थापना दिवस और विभिन्न जयंती कार्यक्रमों की सफलता पर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन बिल ऐतिहासिक कदम है और इसके समर्थन में संगठन द्वारा विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं।
भाजपा मीडिया प्रभारी डॉ. सीमा चंपावत ने बताया कि बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन देवीलाल सालवी ने किया तथा आभार डॉ. पंकज बोराणा ने जताया।