विद्यापीठ के समर्थन में उतरे कर्मचारी

Share

34 दिन से जारी धरने को बताया संस्थान की छवि धूमिल करने का प्रयास, सख्त कार्रवाई की मांग
उदयपुर, 8 जुलाई:
जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के खिलाफ पिछले 34 दिनों से डबोक परिसर में चल रहे धरना-प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को विश्वविद्यालय के डीन, डायरेक्टर और कर्मचारियों ने जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी संस्थान की छवि धूमिल करने और विश्वविद्यालय की गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, आईजी डॉ. गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन को दिए ज्ञापन में कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा विभिन्न एजेंसियों को अनर्गल सूचनाएं भेजी जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से दो बार वार्ता के बावजूद प्रदर्शनकारी लगातार नई मांगें सामने रख रहे हैं।
श्रमजीवी महाविद्यालय से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे कर्मचारियों ने बाद में प्रतापनगर स्थित प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत से भी मुलाकात की। कर्मचारियों ने कहा कि 90 वर्ष पुरानी संस्था से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य जुड़ा है और करीब 700 कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने विवाद का समाधान आपसी संवाद से निकालने की वकालत की।