भटेवर-चारभुजा हाईवे से हटाए अतिक्रमण, बुलडोजर चलाकर कब्जे ध्वस्त

Share

मुआवजा लेने के बाद भी नहीं खाली की थी जमीन, भारी पुलिस जाब्ता तैनात
उदयपुर, 10 जून
: भटेवर से चारभुजा तक बन रहे नेशनल हाईवे-162 ई पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिग्रहित भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया। हाईवे अथॉरिटी, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने वल्लभनगर क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर कच्चे-पक्के निर्माण ध्वस्त कर कब्जामुक्त भूमि अपने कब्जे में ली।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार हाईवे निर्माण के लिए संबंधित भूमि का नियमानुसार अधिग्रहण कर खातेदारों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने भूमि खाली नहीं की और अधिग्रहित क्षेत्र में निर्माण एवं कब्जे बनाए रखे। कई बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनों की मदद से हाईवे सीमा में आए निर्माण हटाए गए। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अभियान जारी रखा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खेरोदा और वल्लभनगर थाना पुलिस के साथ पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाब्ता भी तैनात किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हाईवे परियोजना में बाधा बनने वाले सभी अतिक्रमणों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा, ताकि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके।