उदयपुर दौरे पर सामाजिक न्याय मंत्री ने की समीक्षा, नशा मुक्त भारत जागरूकता वैन को दिखाई हरी झंडी
उदयपुर, 19 जून : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन, पालनहार, मुख्यमंत्री कन्यादान सहित सभी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को चित्रकूट नगर स्थित राजकीय किशोर गृह में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री गहलोत ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मंत्री ने पालनहार योजना, संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों, एट्रोसिटी प्रकरणों तथा अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना की स्थिति का फीडबैक लिया।
उन्होंने विभागीय छात्रावासों के जर्जर भवनों की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने, दिव्यांगजनों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन स्कूटी योजना के लिए अधिकाधिक पात्र आवेदकों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।
गहलोत ने नारी निकेतन और छात्रावासों में सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। बैठक से पूर्व उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन कर जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बैठक में समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, के.के. चंद्रवंशी, सूरज परमार, हर्षित पंचोली, प्रवीण पानेरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।