जन्मपत्री दिखाने के बहाने घर में घुसा, बाथरूम में छिपा; फिर दंपती की हत्या

Share

लूट के लिए बुजुर्ग दंपती को मारा, खून साफ कर बिस्तर जमाए और शव संदूक में छिपाए; 5 गिरफ्तार


उदयपुर, 27 अगस्त :
सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपियों ने लूट के लिए वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या के बाद घर से खून के धब्बे साफ किए, बिस्तर जमाए और दंपती के जूते-चप्पल तक साथ ले गए। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
जन्मपत्री दिखाने के बहाने की रेकी
थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत के अनुसार लहरीलाल जन्मपत्री देखने का काम भी करते थे। 11 अगस्त को किशन और जीवन पालीवाल जन्मपत्री दिखाने के बहाने घर पहुंचे। इसी दौरान उनका साथी कुशल पालीवाल मौका देखकर घर में घुसा और बाथरूम में छिप गया। उसने दोनों को मैसेज कर बाहर जाने को कहा और रात में दंपती के सोने का इंतजार किया।
हथौड़े से हत्या, पत्नी का गला घोंटा
दंपती के सोने के बाद कुशल ने साथियों को अंदर बुलाया। आरोपियों ने लहरीलाल के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी, जबकि राधाबाई का गला घोंट दिया। इसके बाद दोनों शवों को प्लास्टिक में पैक कर टेप से लपेटा और लोहे के संदूक में बिस्तरों के नीचे छिपा दिया। नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
बदबू से खुला राज
12 अगस्त को दंपती के लापता होने की सूचना के बाद तलाश शुरू हुई। 14 अगस्त को घर से बदबू आने पर संदूक खोला गया तो दोनों के शव मिले। जांच के बाद पुलिस ने कुशल उर्फ खुशी, किशन, जीवन, चंदन यादव और दिलीप चौधरी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार कर्ज और महंगी जीवनशैली के चलते लूट की साजिश रची गई थी। मामले में करीब 40 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने जांच की।