पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जुड़ाव जरूरी: मिश्रा

Share

राष्ट्रीय हरित कोर योजना के तहत तीन दिवसीय प्रकृति अध्ययन शिविर सम्पन्न
उदयपुर, 11 अक्टूबर:
राजस्थान राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला मुख्यालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय हरित कोर योजना के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रकृति अध्ययन शिविर का समापन सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ। कार्यक्रम में कमांडर बृजेश कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि तथा शैलेन्द्र सिंह (एचए-3) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सीओ स्काउट सुनील कुमार सोनी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना, प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाना तथा जैव विविधता संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान देना था। मुख्य अतिथि कमांडर बृजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि उदयपुर प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है और इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
हाइक और गतिविधियों से सीखा प्रकृति संरक्षण
जिला प्रशिक्षण आयुक्त अंजना शर्मा ने बताया कि शिविर में जल, जंगल और जमीन का महत्व, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, जैव विविधता, औषधीय पौधों की पहचान, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और प्राथमिक उपचार जैसे विषयों पर गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने ट्रैकिंग, पोस्टर और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। झामेश्वर महादेव तक हाइक आयोजित कर प्रतिभागियों को प्राकृतिक परिवेश को नजदीक से समझने का अवसर मिला। शिविर में सभी प्रतिभागियों को नेचर स्टडी किट भी वितरित की गई।