पीएफ कार्रवाई से बचाने के नाम पर मांगे दो लाख, एक लाख लेते ईपीएफओ अधिकारी गिरफ्तार

Share

एसीबी ने जयपुर में बिछाया जाल, फर्म पर एफआईआर और बैंक खाते फ्रीज नहीं कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
जयपुर, 4 नवम्बर:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर एक फर्म में कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं कराने के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराने और बैंक खाते फ्रीज नहीं कराने की एवज में दो लाख रुपए मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि आरोपी अधिकारी फर्म पर एफआईआर दर्ज कराने और बैंक खाते फ्रीज करने की कार्रवाई का दबाव बना रहा था। इन कार्रवाइयों से बचाने के बदले दो लाख रुपए मांगे गए। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को परिवादी की फर्म के सीए की मौजूदगी में सह-परिवादी से एक लाख रुपए लेते ही टीम ने सोनू मौर्य को पकड़ लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार कार्रवाई डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।