मई-जून में 2.52 लाख पर्यटक पहुंचे, प्री-कोविड के मुकाबले दोगुना हुआ घरेलू पर्यटन; होटल, टैक्सी और बाजारों में लौटी रौनक
उदयपुर, 24 जुलाई: कभी भीषण गर्मी के कारण मई-जून में सूने पड़ जाने वाला उदयपुर अब सालभर पर्यटकों की पसंद बनता जा रहा है। झीलों की नगरी में इस बार गर्मी के मौसम ने भी पर्यटन की रफ्तार नहीं रोकी। पर्यटन विभाग के ताजा आंकड़े बताते हैं कि मई और जून 2026 में 2,52,886 पर्यटक उदयपुर पहुंचे, जिनमें 2,47,750 भारतीय और 5,136 विदेशी सैलानी शामिल हैं। यह संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक होने के साथ-साथ यह भी साबित करती है कि लेकसिटी में अब ‘ऑफ-सीजन’ का ट्रेंड लगभग खत्म होता जा रहा है।
पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में मई-जून के दौरान 2,50,932 पर्यटक आए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 2,52,886 पहुंच गया। सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि प्री-कोविड दौर में मई-जून के दौरान जहां करीब 1.19 लाख भारतीय पर्यटक उदयपुर आते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 2.47 लाख तक पहुंच गई, यानी घरेलू पर्यटन दोगुने से भी अधिक हो चुका है।
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि झीलों की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महलों का आकर्षण, बेहतर सड़क और हवाई कनेक्टिविटी तथा मानसून की शुरुआती उम्मीदों ने बड़ी संख्या में पर्यटकों को उदयपुर आने के लिए प्रेरित किया। वहीं, होटल व्यवसायियों का कहना है कि गुजरात और दिल्ली-एनसीआर से वीकेंड टूरिज्म तेजी से बढ़ा है। दो से तीन दिन की छोटी छुट्टियों के लिए लोग बड़ी संख्या में उदयपुर का रुख कर रहे हैं।
विदेशी पर्यटक बढ़े, लेकिन प्री-कोविड स्तर से अभी पीछे
मई-जून 2026 में उदयपुर में 5,136 विदेशी पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 4,832 थी। हालांकि प्री-कोविड दौर में इसी अवधि में 8 से 10 हजार विदेशी पर्यटक आते थे। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन घरेलू पर्यटन की तुलना में इसकी रफ्तार अभी धीमी है। अच्छी बारिश होने पर जुलाई-अगस्त में पर्यटकों की संख्या नए रिकॉर्ड बना सकती है।