कर्मचारियों के सम्मानजनक जीवन के लिए हर संभव प्रयास होगा : प्रो. डागा

Share

सुविवि में स्ववित्त पोषित कर्मचारियों ने कुलगुरु और अधिष्ठाता का किया स्वागत
उदयपुर, 22 मई:
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के स्ववित्त पोषित सलाहकार बोर्ड के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों ने शुक्रवार को नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा और कला महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. नीरज शर्मा का सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में हुआ, जिसमें सांसद मन्नालाल रावत भी मौजूद रहे।
कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी वाजिब मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा तथा आत्मसम्मान और सम्मानजनक आजीविका सुनिश्चित करने के लिए वैधानिक समाधान निकालने का प्रयास होगा। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन के माध्यम से अपनी मांगें प्रस्तुत करने को कहा।
सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए जरूरत पड़ी तो वे जयपुर और दिल्ली तक साथ जाएंगे। कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष नारायण लाल सालवी ने बताया कि समारोह में करीब 200 कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष बंसल ने किया।