आबकारी विभाग ने 14 दिन में किए 670 गिरफ्तार, करोड़ों की शराब और 69 वाहन जब्त

Share

उदयपुर, 16 मई: राजस्थान में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रदेशभर में सख्त अभियान शुरू कर रखा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर 1 से 14 मई तक चले विशेष अभियान में विभाग ने बड़े स्तर पर छापेमारी, नाकाबंदी और गश्त कर अवैध शराब माफियाओं पर शिकंजा कसा है। कार्रवाई के दौरान 670 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब तस्करी में इस्तेमाल 69 वाहन जब्त किए गए हैं।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेशभर में 1520 मामले दर्ज किए गए। विभाग ने 4 लाख 13 हजार 675 लीटर वाश (शराब बनाने का कच्चा माल) नष्ट किया। जब्त वाहनों में 11 बड़े वाहन, 3 चार पहिया और 55 बाइक शामिल हैं।
करोड़ों की शराब बरामद
कार्रवाई के दौरान 1.99 करोड़ रुपए कीमत की 19 हजार 815 लीटर विदेशी शराब, 5512 लीटर देसी शराब और 1723 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 10 हजार 462 लीटर हथकढ़ शराब भी पकड़ी गई। जयपुर में ट्रेन से हो रही शराब तस्करी को भी नाकाम किया गया।
जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई
पाली, श्रीगंगानगर, जोधपुर और फलौदी समेत कई जिलों में शराब की भट्टियां तोड़ी गईं और हजारों लीटर वाश नष्ट किया गया। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।