डकैतों से भिड़ गया परिवार: बदमाशों ने की फायरिंग, युवक पर सरिए से जानलेवा हमला

Share

पहले घर से दो लाख से अधिक का माल लूटा, दूसरे घर में विरोध होने पर हवाई फायरिंग कर बाइक लूटकर फरार; पुलिस ने गठित की विशेष टीमें
उदयपुर, 27 जून:
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के ढोल गांव में शुक्रवार तड़के करीब दो बजे हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले एक घर से दो लाख रुपए से अधिक के जेवर और नकदी लूट ली। इसके बाद दूसरे घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाने का प्रयास किया, लेकिन निहत्थे परिवार ने साहस दिखाते हुए डकैतों का मुकाबला कर दिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और एक युवक पर लोहे के सरिए से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए एक मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
पहले घर में बंदूक की नोक पर लूट
ग्रामीणों के अनुसार, बदमाश सबसे पहले सुखलाल मेघवाल के घर में घुसे। हथियारों के बल पर पूरे परिवार को आतंकित कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब दो लाख रुपए से अधिक का कीमती सामान लेकर वहां से निकल गए। घटना के बाद परिवार भय के कारण कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था।
दूसरे घर में परिवार ने दिखाई बहादुरी
लूट के बाद बदमाश गांव के अंबालाल जोशी के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों को बंदूक की नोक पर लेकर एक कमरे में बंधक बनाने का प्रयास किया। इसी दौरान अंबालाल के बेटे पूनमचंद और अन्य परिजनों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। परिवार के अचानक विरोध से बदमाश घबरा गए।
सरिए से हमला, फायरिंग कर भागे
परिवार के प्रतिरोध से बौखलाए बदमाशों ने पूनमचंद पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार और गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन इससे पहले बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। फरार होते समय उन्होंने सुआवतो का गुड़ा क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल भी चुरा ली।
पुलिस ने दर्ज किया डकैती का मामला
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शंभू सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल पूनमचंद को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि डकैती का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इससे पहले भी तीन से चार बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।