पारिवारिक विवाद बना खून-खराबा: छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या

Share

बीच-बचाव करने आई भाभी पर भी चाकू से हमला, आरोपी फरार
डूंगरपुर, 5 मई
: जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र के डूंगलई गांव में मामूली पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने आई भाभी भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक कन्हैयालाल कपड़े सिलाई का काम करते थे। घटना की शुरुआत घर में बकरियों के चारे को लेकर हुए विवाद से हुई, जिसमें कन्हैयालाल की बेटी और आरोपी सोहनलाल की पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। नाराज होकर सोहनलाल की पत्नी अपने पीहर चली गई।
जब सोहनलाल घर लौटा और उसे घटना की जानकारी मिली, तो वह गुस्से में कन्हैयालाल के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने अपने भाई के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
पति को बचाने के लिए आगे आई पत्नी देवली पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। दोनों घायलों को पहले निठाउवा और बाद में सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कन्हैयालाल की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सोहनलाल की तलाश शुरू कर दी है।