खेरवाड़ा में दो भाइयों के घर शातिरों का धावा, 36 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
उदयपुर, 1 जुलाई: खेरवाड़ा कस्बे के जयप्रकाश नगर में चोरों ने हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम देते हुए दो भाइयों के घरों से करीब 37 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान दोनों परिवार घर के अंदर ही सो रहे थे, जबकि चोरों ने कमरों की बाहर से कुंदी लगाकर उन्हें बंद कर दिया और आराम से चोरी कर फरार हो गए। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिटायर्ड शिक्षक दीतालाल पटेल ने बताया कि रोज की तरह सुबह चार बजे उठने पर उन्होंने दरवाजा खोलना चाहा तो बाहर से कुंदी लगी मिली। पड़ोसियों की मदद से कुंदी खुलवाई गई तो दोनों घरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। छोटे भाई हीरालाल पटेल के घर से करीब 20 तोला सोना, दो किलो चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद चोरी हो गए, जबकि बड़े भाई बंशीलाल पटेल के घर से करीब 600 ग्राम चांदी के जेवर गायब मिले।
परिजनों का कहना है कि इलाके में प्रभावी पुलिस गश्त और सीसीटीवी कैमरों के अभाव से चोरों के हौसले बुलंद हैं। दोनों परिवारों ने खेरवाड़ा थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।