भजन संध्या से लौटते समय हादसा, प्रसिद्ध गायक धनराज जोशी की मौत

Share

उदयपुर में उतर गए थे बेटा और साथी
उदयपुर, 1 मई:
मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी की शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हल्दीघाटी में भजन संध्या में प्रस्तुति देने के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे, तभी डबोक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में जोशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार धनराज जोशी चित्तौड़गढ़ जिले के बड़वाई गांव के निवासी थे। वे गुरुवार रात हल्दीघाटी के सैमन गांव में आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद वे अपने बेटे और साथियों के साथ कार से लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में उदयपुर में किसी कार्य के चलते उनका बेटा और अन्य साथी वाहन से उतर गए। इसके बाद वे ड्राइवर के साथ आगे बढ़े।
डिवाइडर पर चढ़कर पलटी कार
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे दरोली गांव और एयरपोर्ट के बीच हाईवे-27 पर कार का संतुलन बिगड़ गया। वाहन डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर डबोक पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को डबोक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धनराज जोशी को मृत घोषित कर दिया। चालक राजेंद्र सोनेरी का इलाज जारी है।
भजन और कॉमेडी शैली से बनाई पहचान
धनराज जोशी मेवाड़ और मारवाड़ में अपनी अनूठी भजन शैली और हल्की-फुल्की कॉमेडी के लिए खासे लोकप्रिय थे। उनके इंस्टाग्राम पर 3.79 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। वे आठवीं तक शिक्षित थे और बचपन से ही भजन गायन से जुड़े रहे। उनके परिवार में भी संगीत की परंपरा रही है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।