करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत

Share

खेती का काम करते समय हुआ हादसा, अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
उदयपुर, 28 अक्टूबर:
प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुर थाना क्षेत्र के करौली गांव में खेत पर कृषि कार्य करते समय करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में शोक छा गया।
मृतकों की पहचान करौली निवासी श्यामलाल मीणा (34) और उनके बेटे ईश्वरलाल (20) के रूप में हुई है। दोनों मंगलवार देर शाम अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
घटना की सूचना मिलने पर सुहागपुर थाने के जांच अधिकारी बालूराम जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। मृतक श्यामलाल के पिता नागजी ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच महीने पहले हुई थी बेटे की शादी
इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। ईश्वरलाल की शादी महज पांच महीने पहले धरियाखेड़ी गांव में हुई थी। वह अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं, श्यामलाल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है और आजीविका के लिए मजदूरी पर निर्भरता थी।