‘अब कोई बच्चा वैन या ऑटो में नहीं मरे’, स्कूल बस व्यवस्था की मांग; बेटे के भाई के स्वागत की तैयारी अधूरी रह गई
बांसवाड़ा, 29 जुलाई: दाहोद मार्ग पर स्कूल वैन हादसे में 16 वर्षीय छात्र हयान वसानिया की मौत के बाद परिवार का दर्द आक्रोश में बदल गया है। मृतक के पिता एवं आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. राजेश वसानिया ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब किसी भी बच्चे की जान नहीं जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्कूल बस व्यवस्था शुरू नहीं हुई तो वह स्कूल के बाहर धरना देंगे।
डॉ. वसानिया ने बताया कि बुधवार सुबह स्कूल जाते समय हयान ने माता-पिता से कहा था, “आई लव यू, दोपहर दो बजे लौटकर बड़े भाई का जन्मदिन मनाएंगे।” उसका बड़ा भाई वियतनाम से घर लौट रहा था और हयान उसके स्वागत के लिए घर सजाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
‘स्कूल बस अनिवार्य हो’
पिता ने कहा कि उन्होंने कई बार स्कूल प्रबंधन से बस सुविधा शुरू करने की मांग की थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि अधिकांश निजी वाहन गैस से चल रहे हैं और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते। उन्होंने प्रशासन से सभी स्कूलों में बस व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग की।
14 बच्चे घायल, चालक हिरासत में
बुधवार सुबह सेंट पॉल स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही निजी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में हयान वसानिया की मौत हो गई, जबकि 14 छात्र घायल हो गए। सात बच्चों को गंभीर चोटें आईं और एक छात्र को उदयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने वैन चालक नितिन मनारिया को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।