प्रथम चरण के मतदान के लिए अंतिम प्रशिक्षण एवं रवानगी 8 को

Share

भीण्डर, वल्लभनगर व फतहनगर सनवाड़ में मतदान 9 को
उदयपुर, 7 सितम्बर।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित नगरीय निकाय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार जिले में प्रथम चरण का मतदान बुधवार को होगा। जिले की भीण्डर, वल्लभनगर और फतहनगर सनवाड़ नगरपालिकाओं में बुधवार को प्रथम चरण के मतदान को लेकर मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण और रवानगी मंगलवार को होगी। इसके लिए समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के बताया कि चुनाव के पहले चरण में 08 सितंबर 2026 को नगरपालिका भीण्डर, वल्लभनगर और फतहनगर-सनवाड़ के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण नगर निगम उदयपुर के सुखाड़िया रंगमंच पर सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा। इसके बाद मतदान दल अपने-अपने आवंटित नगरपालिका मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। मतदान दलों को मतदान सामग्री एवं ईवीएम संबंधित नगरपालिका मुख्यालय से ही प्राप्त होगी। भीण्डर नगरपालिका के दल को भैरव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से, वल्लभनगर के दल को पंचायत समिति कार्यालय से और फतहनगर-सनवाड़ के दल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सनवाड़ से मतदान सामग्री प्राप्त करके अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्र के लिए प्रस्थान करना होगा। ईवीएम इत्यादि की सुरक्षा के लिए आवंटित पुलिस दल संबंधित मतदान दल के साथ ही रवाना होगा। 9 सितम्बर को मतदान पश्चात संबंधित दल चुनाव सामग्री को उन्हें केंद्रों पर जमा कराएंगे, जहां से सामग्री प्राप्त की जाएगी। इसके बाद आवंटित वाहन व्यवस्था से मुख्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में सभी संबंधित अधिकारियों की ओर से मतदान केंद्रों और मुख्यालयों पर चुनाव कर्मियों की सुविधा के लिए बिस्तर, साफ-सफाई से युक्त शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बिजली और इन्वर्टर जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

14 सितम्बर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव के तहत मतगणना समय की अधिकृत घोषणा कर दी हैं। आयोग की ओर से जारी आदेश के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना 14 सितम्बर को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। आयोग ने इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
—00—

नगरीय निकाय चुनाव – 2026: मावली में निकाली मतदाता जागरूकता रैली


स्कूली बच्चों ने आमजन को किया प्रेरित
उदयपुर, 7 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है। चुनावों में अधिक से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के निर्देशन में स्वीप गतिविधियों में भी तेजी आई है। इसी क्रम में नगरपालिका मावली में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाडिया के निर्देशन में सोमवार को स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। बच्चे हाथों में मतदाता जागरूकता से संबंधित तख्तियां और बैनर लेकर रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान बच्चों ने मतदान के महत्व से जुड़े नारे लगाते हुए आमजन को लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से आमजन को मतदान के अधिकार का उपयोग करने और निष्पक्ष एवं जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया गया।


मतदान दिवस पर कामगारों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश

उदयपुर, 7 सितम्बर। श्रम आयुक्त, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135-ख के तहत मतदान दिवस पर कामगारों को सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।

संभागीय श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने बताया कि जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कामगारों, जिनमें आकस्मिक कामगार भी शामिल हैं, को मतदान दिवस 9 एवं 11 सितंबर को अवकाश देना होगा। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य कामगारों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है। आदेश की अवहेलना करने वाले नियोजकों के संबंध में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी को तथ्यात्मक विवरण उपलब्ध कराया जा सकता है, ताकि नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।