जयपुर-अहमदाबाद रूट की स्लीपर कोच जली, शॉर्ट सर्किट की आशंका
उदयपुर, 5 मई: शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब 38 यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई। बलीचा रोड पर करीब शाम 5 बजे हुई इस घटना में बस से तेज लपटें उठने लगीं और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ते देख यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी खिड़की और मुख्य दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बस जयपुर से अहमदाबाद जा रही थी और उसमें करीब 10 महिलाएं भी सवार थीं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग में यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया।
डीएसपी गोपाल चंदेल और थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।