अर्जेंटीना, कोलंबिया, इटली और पेरू के राजदूतों ने सराहा उदयपुर की सांस्कृतिक समृद्धि
उदयपुर, 18 अप्रैल: सिटी पैलेस उदयपुर में शनिवार को चार देशों से पधारे राजदूतों का पारंपरिक एवं गरिमामय स्वागत किया गया। श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में आयोजित इस विशेष अवसर पर अर्जेंटीना, कोलंबिया, इटली और पेरू के राजदूतों ने मेवाड़ की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक वैभव की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर अर्जेंटीना के राजदूत मारियानों कॉसिनो, कोलंबिया के राजदूत विक्टर एचेवेरी, इटली के राजदूत एंटोनिया बार्टोली तथा पेरू के राजदूत जेवियर पॉलिनिच मौजूद रहे। अतिथियों ने सिटी पैलेस संग्रहालय का अवलोकन कर यहां की स्थापत्य कला, ऐतिहासिक धरोहर और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को अद्वितीय बताया।
राजदूतों ने कहा कि सिटी पैलेस केवल एक ऐतिहासिक स्मारक नहीं, बल्कि इतिहास, सौंदर्य और परंपरा का अद्भुत संगम है, जहां मेवाड़ के गौरवशाली अतीत को सजीव रूप में महसूस किया जा सकता है। उन्होंने इस विरासत के संरक्षण को भावी पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसी धरोहरें वैश्विक सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस संवाद को भारत और अन्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया। आयोजन ने सिटी पैलेस संग्रहालय को इतिहास और आधुनिक वैश्विक संबंधों के बीच एक प्रभावशाली सेतु के रूप में स्थापित किया।