वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन

Share

ज्ञानवर्धक गतिविधियों और सम्मान समारोह के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ आयोजन
उदयपुर, 23 अप्रैल:
विज्ञान समिति प्रांगण में वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की मासिक बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। संयोजिका डॉ. पुष्पा कोठारी तथा अध्यक्ष कंचन सोनी के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 90 महिलाओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य आकर्षण नई सदस्यों का स्वागत और दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर नई कार्यकारिणी का गठन रहा।
मीडिया प्रभारी प्रो. विमल शर्मा ने बताया कि नई कार्यकारिणी के सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा उनका औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह शीघ्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के ज्ञानवर्धक सत्र में लगभग 10 महिलाओं ने प्रेरणादायक और समाजोपयोगी कहानियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें डॉ. पुष्पा कोठारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इसके बाद अध्यक्ष कंचन सोनी द्वारा “भारत में प्रथम महिला” विषय पर लिखित प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम का समापन मनोरंजक ‘हाउजी’ खेल के साथ हुआ, जिसका संचालन मंजू सरूपरिया और चंद्रकांत मेहता ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान तथा अल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।