राजसमंद में गणेश विसर्जन कर लौट रहे 4 लोगों की मौत

Share

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत, 14 घायल
राजसमंद, 24 सितंबर:
जिले में रेलमगरा थाना क्षेत्र के तुर्कीया खेड़ा गांव में गुरुवार दोपहर गणेश विसर्जन कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे तुर्कीया खेड़ा गांव के मोड़ पर हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से कई लोग उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से ट्रॉली को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलमगरा थानाधिकारी प्रवीण सिंह जुगतावत ने बताया कि हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायलों में गंभीर स्थिति वाले लोगों को राजसमंद के आरके अस्पताल रेफर किया गया है। शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर बनेडिया सरपंच योगेंद्र सिंह चौहान सहित ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।