नागरिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी : प्रो. त्रिवेदी

Share

उदयपुर, 10 सितम्बर: पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स), उमरड़ा में डिपार्टमेंट ऑफ एनाटॉमी की ओर से ‘नागरिकों के कर्तव्य एवं जिम्मेदारियां’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. इंद्र वर्धन त्रिवेदी ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए नागरिकों के संवैधानिक एवं सामाजिक दायित्वों, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों, अनुशासन, कानून के सम्मान और समाज के विकास में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रो. त्रिवेदी ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक नहीं होता, बल्कि अपने कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करता है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साईं तिरुपति यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत नाहर ने की। उन्होंने कहा कि मौलिक कर्तव्यों का पालन, देश की एकता-अखंडता, भाईचारा, अनुशासन और कानून का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा को भी नागरिक दायित्व का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों से दैनिक जीवन में नागरिक कर्तव्यों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. गणेश खेमनार ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रकाश केजी, डॉ. सानिया के, डॉ. रितुभी मेहता, डॉ. अवनीबेन, डॉ. नरेंद्र सैनी, डॉ. राम सैनी, डॉ. मनहित एवं डॉ. नाजिमा सहित संस्थान के अधिकारी, फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट्स, इंटर्न्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।