उदयपुर, 9 अक्टूबर: हिरण मगरी थाना पुलिस ने घर से सोने का कड़ा चोरी करने के मामले में नौकर को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रविन्द्र चारण ने बताया कि आरोपी शुभम सोलंकी पिता बसंतीलाल निवासी देवास, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 23 सितंबर को प्रार्थी प्रतीक जैन के कमरे से 5 तोला वजनी सोने का कड़ा बैग में रखकर फरार हो गया था। प्रतीक जैन जिम जाने से पहले हाथ का कड़ा ड्रेसिंग टेबल पर रखकर गए थे। शाम को लौटने पर कड़ा गायब मिला। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने घर के नौकर से पूछताछ की। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी कबूल कर ली। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सड़क किनारे खड़े युवक को कार ने मारी टक्कर, मौत
उदयपुर, 9 अक्टूबर: सलूंबर जिले के सराड़ा थाना क्षेत्र के डींगरी गांव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय बंशीलाल मेघवाल की मौत हो गई। बंशीलाल और उसका साथी गणेशलाल मेघवाल रास्ते में टॉयलेट के लिए रुके थे। गणेशलाल के जाने के दौरान बंशीलाल बाइक के पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बंशीलाल उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घायल को झाड़ोल अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उदयपुर एमबी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चावंड निवासी बंशीलाल के भाई चम्पालाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।