एकलिंगनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना, बप्पा रावल पैनोरमा का किया अवलोकन
उदयपुर, 23 अगस्त: राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े रविवार को उदयपुर प्रवास के दौरान ऐतिहासिक कैलाशपुरी पहुंचे। श्रावण मास के अवसर पर उन्होंने भगवान एकलिंगनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मठाठा स्थित बप्पा रावल पैनोरमा का अवलोकन कर मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, शौर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।
एकलिंगनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
राज्यपाल सुबह करीब 10.45 बजे कैलाशपुरी पहुंचे, जहां प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। उन्होंने एकलिंगनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी भी ली।
पैनोरमा में देखा बप्पा रावल का इतिहास
इसके बाद राज्यपाल मठाठा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मेवाड़ के संस्थापक बप्पा रावल की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। पैनोरमा में बप्पा रावल के जीवन, व्यक्तित्व, सैन्य अभियानों, नेतृत्व क्षमता और शासन व्यवस्था से जुड़े प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। राज्यपाल ने विभिन्न प्रसंगों को रुचि से देखा और मेवाड़ के इतिहास की जानकारी ली।
“मेवाड़ के इतिहास का आईना है पैनोरमा”
राज्यपाल ने कहा कि “यह पैनोरमा मेवाड़ के इतिहास का आईना है।” उन्होंने बप्पा रावल के शौर्य, नेतृत्व और योगदान को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे पैनोरमा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत और महान विभूतियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाद में उन्होंने बप्पा रावल की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।