रक्षाबंधन पर शुद्धम ग्रुप की सातवीं पहल, जरूरतमंद बच्चियों को नई ड्रेस बांटी
उदयपुर, 27 अगस्त: रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम के साथ जरूरतमंदों की खुशियों में शामिल होने की मिसाल पेश की गई। शुद्धम ग्रुप की ओर से लगातार सातवें वर्ष ‘हर बहना मुस्कान’ अभियान के तहत 5 से 14 वर्ष की 32 जरूरतमंद बच्चियों को नई ड्रेस वितरित की गई। नए कपड़े पाकर बच्चियों के चेहरों पर खुशी खिल उठी।
शुद्धम ग्रुप की डायरेक्टर डॉ. सीमा जैन ने कहा कि हर बच्ची की इच्छा होती है कि वह त्योहार पर नए कपड़े पहने। जरूरतमंद बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही अभियान का उद्देश्य है। भाजपा आपदा राहत विभाग राजस्थान के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने कहा कि अभियान वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चियों को अपनत्व और सम्मान का अहसास कराने की पहल है।
समाजसेवी अशोक माथुर ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की समृद्धि तभी सार्थक है, जब खुशियां जरूरतमंदों तक पहुंचें। कार्यक्रम का संचालन उज्जवल जैन ने किया, जबकि लाली सालवी ने आभार जताया।