वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य चर्चा व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share

विशेषज्ञों ने दी जीवनशैली, आहार और रोगों से बचाव की अहम सलाह
उदयपुर, 11 अप्रैल
: महाराणा प्रताप वरिष्ठ नागरिक संस्थान, उदयपुर द्वारा विज्ञान समिति अशोकनगर में स्वास्थ्य चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर जैन “कौस्तुभ” द्वारा ईश वंदना से हुआ, वहीं संस्थान गीत की प्रस्तुति दिलखुश सेठ एवं मधु शर्मा ने दी।
महासचिव भंवर सेठ ने स्वागत भाषण में चित्तौड़गढ़ में आयोजित प्रदेश सम्मेलन के प्रस्तावों की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. लता शर्मा (होम्योपैथिक चिकित्सक) ने बताया कि वृद्धावस्था में जोड़ों का दर्द, नींद की कमी, एकाकीपन जैसी समस्याएं सामान्य हैं, लेकिन तनाव से दूर रहकर और सकारात्मक सोच अपनाकर इनसे राहत पाई जा सकती है।
विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी अहम जानकारी
गीतांजलि मेडिकल कॉलेज के डॉ. नितिन चौधरी ने रक्त संबंधी रोगों के लक्षणों पर प्रकाश डालते हुए समय पर जांच और उपचार की आवश्यकता बताई। योगिनी गुनीत मोगा ने संतुलित आहार, दिनचर्या और नियमित व्यायाम के महत्व को रेखांकित किया तथा प्राकृतिक उपाय अपनाने की सलाह दी।
वैद्य दिलखुश सेठ ने पाइल्स रोग पर चर्चा करते हुए आयुर्वेदिक उपचार को प्रभावी बताया और तंबाकू व गुटखे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सदस्यों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। इस अवसर पर जन्मदिन वाले सदस्यों और राकेश-रंजना बंसल को विवाह की 40वीं वर्षगांठ पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों की भागीदारी रही।