उद्योगपति बाबू दीनदयाल गुप्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि

Share

आर्य जगत् के भामाशाह के निधन से सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र में शोक
उदयपुर, 3 मई:
नवलखा महल स्थित माता लीलावन्ती वैदिक संस्कृति सभागार में आर्य जगत् के भामाशाह, उद्योगपति एवं श्रीमद् दयानन्द सत्यार्थ प्रकाश न्यास के संरक्षक बाबू दीनदयाल गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके योगदान को स्मरण किया।
न्यास अध्यक्ष अशोक आर्य ने बताया कि बाबू दीनदयाल गुप्ता स्थापना काल से ही न्यास से जुड़े रहे और उन्होंने यज्ञशाला, मिनी थियेटर एवं सोलह संस्कार वीथिका जैसे कई प्रकल्पों में उदार सहयोग दिया। साथ ही ‘सत्यार्थ सौरभ’ पत्रिका को निरंतर समर्थन देकर उसे गतिशील बनाए रखा।
वक्ताओं ने कहा कि वे केवल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि समाजसेवी और आर्य विचारधारा के सशक्त स्तंभ थे। उनका जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा। इस दौरान यज्ञ का आयोजन भी किया गया। न्यास के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।