उदयपुर, 15 अप्रैल: उदयपुर में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में हीटवेव से आमजन और पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अस्पतालों में लू और तापाघात से बचाव व उपचार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ चारे-पानी के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है।
नोडल अधिकारी नियुक्त, विभाग अलर्ट
हीटवेव प्रबंधन के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे जिले में राहत कार्यों, जन-जागरूकता और तैयारियों की निगरानी करेंगे। प्रशासन ने सभी उपखंड अधिकारियों, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग सहित 12 प्रमुख विभागों को अलर्ट पर रखा है।
अस्पतालों और स्कूलों में विशेष तैयारी
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था हो। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। बिजली और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देश जारी किए गए हैं।
पशुधन और फसलों के लिए इंतजाम
पशुपालन और कृषि विभाग को मूक पशुओं के लिए चारा-पानी और फसलों की सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही स्थानीय निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर छाया और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन के लिए एडवाइजरी जारी
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी व तरल पदार्थ लें, हल्के कपड़े पहनें और सिर ढककर रखें। लापरवाही से बचने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी गई है। हीटवेव को देखते हुए प्रशासन की यह सक्रियता आमजन के लिए राहतकारी कदम मानी जा रही है।