मेवाड़ में झमाझम बारिश, सराड़ा में 4 इंच पानी; अगले छह दिन तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट

Share

संभाग में सबसे अधिक वर्षा सराड़ा में दर्ज, मौसम विभाग ने 24 जून तक जताई बारिश की संभावना
उदयपुर, 18 जून:
मेवाड़ अंचल में पिछले 24 घंटों के दौरान प्री-मानसून बारिश का असर देखने को मिला। उदयपुर जिले के सराड़ा क्षेत्र में सर्वाधिक 100 मिलीमीटर (करीब 4 इंच) वर्षा दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र के नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ गई। इसके अलावा डाया में 86 मिमी, सेमारी में 78 मिमी, केज़ड़ में 75 मिमी तथा भींडर में 65 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जिले के अन्य क्षेत्रों में कुराबड़ में 48 मिमी, ऋषभदेव में 45 मिमी, डबोक में 42 मिमी, कानोड़ में 23 मिमी, वल्लभनगर में 20 मिमी और उदयपुर शहर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं संभाग के अन्य जिलों में माउंट आबू में 82 मिमी, नाथद्वारा में 50 मिमी तथा देवगढ़ और चित्तौड़गढ़ में 40-40 मिमी वर्षा हुई।
24 जून तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 से 24 जून के बीच दक्षिणी राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और सिरोही जिलों में वर्षा गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। हालांकि प्रदेश में व्यापक मानसूनी बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। राहत की बात यह रही कि पिछले 24 घंटों में कहीं भी लू दर्ज नहीं की गई, हालांकि उमस का असर बना हुआ है।