69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी: उड़ीसा से होगा ने फाइनल में मुकाबला
उदयपुर 16 जनवरी: एसजीएफआई और पीएमश्री फतह स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में चल रही 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष छात्र) में राजस्थान और उड़ीसा ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतते हुए फाइनल में प्रवेश किया। राजस्थान ने पंजाब को 3-2 से हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई। उड़ीसा ने हिमाचल प्रदेश को 7-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
राजस्थान-पंजाब मुकाबला बेहद रोमांचक
हॉकी अकादमी के कोच दिग्विजय सिंह राणावत और मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया के अनुसार, राजस्थान ने पहले क्वार्टर में गोल करके बढ़त बनाई। पंजाब ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर बराबरी की, लेकिन तीसरे क्वार्टर में राजस्थान ने पेनल्टी कॉर्नर सहित दो गोल करके 3-1 की बढ़त ले ली। चौथे क्वार्टर में पंजाब ने एक और गोल कर मुकाबला रोमांचक बना दिया। राजस्थान के खिलाड़ी अमित सिंह, अमित पांडे, आशीष डामोर और कृष्णा गमेती ने ऑल राउंड प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई।
उदयपुर में खुशी का माहौल
राजस्थान टीम के इतिहास में पहली बार फाइनल में प्रवेश करने पर हॉकी प्रेमियों ने खिलाड़ियों को कंधों पर उठाकर खुशी जताई। सुबह क्वार्टर फाइनल में झारखंड को हराकर राजस्थान ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
प्रतियोगिता में गणमान्य उपस्थित
सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान पूर्व हॉकी ओलंपियन अशोक ध्यानचंद, राजस्थान हॉकी अध्यक्ष अरुण सारस्वत, अतिरिक्त आयुक्त आबकारी विभाग प्रदीप संगत, उप जिला शिक्षा अधिकारी, हॉकी संघ उदयपुर के सचिव और कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे। आयोजन सचिव धर्मेंद्र सिंह शक्तावत और चीफ डे मिशन डॉ. गोविंद सिंह राठौड़ ने मुकाबले का निरीक्षण किया।