तीसरे दिन बीटूबी कारोबार से लेकर कृषि नवाचार तक छाया रहा आकर्षण, महिला ई-रिक्शा सेवा बनी चर्चा का विषय
उदयपुर, 4 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान कृषि महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय ‘सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रियल एक्सपो-2026’ के तीसरे दिन रविवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अवकाश के कारण सुबह से ही आगंतुकों की आवाजाही शुरू हो गई, जो शाम तक जनसैलाब में बदल गई। एक्सपो में तीन विशाल डोम बनाए गए हैं। दो डोम में बीटूबी गतिविधियों के तहत उद्योगपतियों, व्यापारियों और निवेशकों के बीच व्यावसायिक संवाद, ऑर्डर बुकिंग और नए कारोबारी संबंधों पर चर्चा हुई। तीसरे अहिल्याबाई होल्कर डोम में घरेलू उपयोग की वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के लिए भीड़ रही। एक्सपो में पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ हिंदुस्तान जिंक, मिराज ग्रुप, सिक्योर मीटर्स सहित प्रमुख औद्योगिक समूहों की तकनीक प्रदर्शित की गई। एमपीयूएटी के स्टॉल पर लहसुन बल्ब ब्रेकर और एलोवेरा जूस एक्सट्रैक्टर मशीन का लाइव प्रदर्शन किसानों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहा। फतेह स्कूल मैदान से एक्सपो स्थल तक महिला ई-रिक्शा चालकों की नि:शुल्क परिवहन सेवा ने भी लोगों का ध्यान खींचा। सेवा भारती और अनंता हॉस्पिटल की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। सोमवार को एक्सपो का समापन होगा।