राजस्थान के कुख्यात तस्कर शाहरुख उर्फ टोनी का अवैध फार्म हाउस ध्वस्त

Share

मंदिर की सवा बीघा भूमि पर कब्जा कर किया था निर्माण, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली बुलडोजर कार्रवाई
प्रतापगढ़, 11 जून:
मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में राजस्थान के चर्चित कुख्यात तस्कर शाहरुख खान उर्फ टोनी के अवैध फार्म हाउस पर गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। यह फार्म हाउस कथित रूप से मंदिर की करीब सवा बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार शाहरुख उर्फ टोनी लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के कारण पुलिस की निगरानी में था। गत 17 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए देवल्दी गांव पहुंची थी। उस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। वर्तमान में आरोपी जेल में बंद है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहरुख के खिलाफ विभिन्न थानों में मादक पदार्थ तस्करी सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्षेत्र में यह भी चर्चा रही है कि उसके कुछ परिजन भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
प्रशासन को मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में कब्जा और निर्माण अवैध पाए जाने पर गुरुवार को अरनोद तहसीलदार नितिन मेरावत के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी, धार्मिक और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।