मसालों के कार्टन के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी हरियाणा निर्मित शराब, चालक गिरफ्तार
डूंगरपुर, 23 जुलाई: राजस्थान-गुजरात सीमा पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपए मूल्य की हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब से भरा कंटेनर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। शराब को मसालों के कार्टनों के नीचे छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि रतनपुर पुलिस चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में बॉर्डर पर नाकेबंदी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उदयपुर की ओर से आ रहे बंद बॉडी कंटेनर को रोककर जांच की गई। चालक ने कंटेनर में प्लास्टिक की बोतलें होने की जानकारी दी, लेकिन तलाशी लेने पर ऊपर मसालों के कार्टन और उनके नीचे विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 268 कार्टन बरामद हुए। सभी कार्टनों पर ‘फॉर सेल ओनली इन हरियाणा’ अंकित था। पुलिस ने कंटेनर और शराब जब्त कर हरियाणा निवासी चालक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से शराब की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।