प्रदेश में 67 लाख से अधिक की अंग्रेजी मदिरा जब्त, 208 गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 19 सितंबर: आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश मंे अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए चल रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही जारी है। प्रदेश में वाॅश, हथकड़ मदिरा सहित अन्य राज्य की मदिरा पर भी कार्रवाई के तहत 67 लाख 80 हजार रूपए से अधिक की अंग्रेजी मदिरा जब्त करते हुए 208 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
208 गिरफ्तार, 24 वाहन सीज
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 18 सितंबर 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 569 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेश में देशी मदिरा 3 लाख 78 हजार 58 रूपए लागत की 1394 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा 67 लाख 80 हजार 400 रूपए की 6781 लीटर, बीयर 88 हजार 874 रूपए की 408 लीटर, हथकड़ शराब 4459 लीटर एवं स्प्रिट 350 लीटर जब्त किया गया है। इसी क्रम में वाॅश एक लाख 68 हजार 6 लीटर नष्ट किया गया है। प्रदेश में अभियान के तहत एक बड़ा वाहन, 3 चार पहिया वाहन, 20 दुपहिया वाहन सहित 24 वाहन जब्त किए है साथ ही अवैध मदिरा से संबंधित 208 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
वाॅश व भट्टियां नष्ट
प्रदेश में आबकारी निरोधक दलों की कार्रवाई के तहत भीलवाड़ा के मांडलगढ़ में 900 लीटर वाॅश सहित मदिरा भट्टियां नष्ट की गई। आसींद में 60 लीटर अवैध हथकड़ मदिरा, 33 देशी मदिरा के पव्वे जब्त कर 200 लीटर वाॅश नष्ट किया। सिरोही में 24 देशी मदिरा के पव्वे, 10 बोतल बीयर जब्त करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। राजसमंद में 4 अभियोग दर्ज करते हुए 3 मोटरसाइकिल सीज की गई। इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।