मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने पंचायत भवन, सीसी रोड और सामुदायिक भवन का किया उद्घाटन
उदयपुर, 23 अगस्त: पंचायत समिति फलासिया क्षेत्र में रविवार को ग्रामीण विकास को गति देने वाले विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया गया। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कुल 47.29 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
ग्राम पंचायत देवड़ावास में 25.40 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया। यह कार्य नरेगा एवं एसएफसी योजना के तहत ग्राम पंचायत द्वारा कराया गया। वहीं ग्राम पंचायत आमीवाड़ा में 8 लाख रुपए की लागत से मेन रोड से लीलाधर महादेव मंदिर तक साइडवॉल सहित सीसी रोड का निर्माण विधायक मद से कराया गया।
इसी पंचायत में 13.89 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण हुआ। मंत्री खराड़ी ने कहा कि पंचायत स्तर पर भवन, सड़क और सामुदायिक सुविधाएं मजबूत होने से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद अर्जुनलाल मीणा, समाजसेवी भैरूलाल प्रजापत, भोपाल सिंह शक्तावत, नीलम राजपुरोहित, मुकेश माली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।