ज्ञान मंदिर के हीरक जयंती वर्ष का शुभारंभ 13 जून को

Share

जसोदाबेन मोदी करेंगी छात्रावास का लोकार्पण, भामाशाहों और पूर्व छात्रों का होगा सम्मान
उदयपुर, 11 जून:
ज्ञान मंदिर समिति उदयपुर के तत्वावधान में 13 जून को संस्था के हीरक जयंती वर्ष का भव्य शुभारंभ और नवनिर्मित छात्रावास भवन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देश-विदेश की कई प्रमुख हस्तियां उदयपुर पहुंचेंगी
समिति की उपाध्यक्ष ज्योत्स्ना शर्मा ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि जसोदाबेन मोदी होंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति महेश भाई गांधी करेंगे।
समारोह तीन चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में प्रातः 8 बजे कन्याशाला धोल की पाटी स्थित परिसर में नवनिर्मित छात्रावास का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद ज्ञान मंदिर समिति और सत्य समिति के कार्यकारिणी सदस्यों का चयन एवं मनोनयन होगा।
द्वितीय चरण में दोपहर 2 बजे हिरण मगरी सेक्टर-4 स्थित ज्ञान मंदिर विद्यालय परिसर में संस्था की पूर्व छात्र परिषद ‘स्वयं’ के सदस्यों का संगम संवाद आयोजित किया जाएगा।
सायं 6 बजे आयोजित तीसरे चरण में भव्य सम्मान समारोह होगा, जिसमें विद्यालय और छात्रावास निर्माण में सहयोग देने वाले भामाशाहों, उत्कृष्ट शिल्पकारों और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को विभिन्न सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
समारोह के दौरान भामाशाह अलंकरण, ज्ञान वास्तु कलाश्री पुरस्कार और ज्ञान गौरव पुरस्कार जैसे सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।