40 वार्डों में भाजपा 20, कांग्रेस 19; एक निर्दलीय पार्षद तय करेगा किसके पक्ष में जाएगा बोर्ड
राजसमंद, 15 सितंबर: नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव परिणाम के बाद बोर्ड गठन को लेकर सियासी समीकरण रोचक हो गए हैं। 40 वार्डों में भाजपा ने 20 और कांग्रेस ने 19 सीटें जीती हैं, जबकि वार्ड 22 से निर्दलीय प्रकाश सनाढ्य विजयी हुए हैं। बहुमत के लिए 21 पार्षद जरूरी हैं। ऐसे में एकमात्र निर्दलीय पार्षद के समर्थन से भाजपा बहुमत हासिल कर सकती है, जबकि कांग्रेस को दो पार्षदों के समर्थन की जरूरत होगी।
भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर
चुनाव में कई वार्डों में दोनों दलों के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा। वार्ड 9 में भाजपा की ज्योति कुमावत ने कांग्रेस की दीपिका कुमावत को महज दो वोट से हराया। वहीं वार्ड 23 में कांग्रेस के अजय गुर्जर ने 487 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जो सबसे बड़ी जीत रही। वार्ड 22 में निर्दलीय प्रकाश सनाढ्य की जीत अब सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अध्यक्ष पद पर भी नजर
परिणाम के बाद भाजपा की नजर निर्दलीय पार्षद को अपने पक्ष में करने पर है। कांग्रेस भी बोर्ड गठन के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी। नाथद्वारा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी चुनाव के दौरान सक्रिय रहे। उन्होंने मतदान के समय कहा था कि जनता बेहतर नगरपालिका प्रशासन चाहती है। अब निर्दलीय पार्षद का फैसला नगर पालिका की सत्ता की दिशा तय करेगा।