एशिया पैसिफिक लैक्रोस क्वालीफायर के लिए भारतीय टीम घोषित

Share

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने दी शुभकामनाएं
राजस्थान के जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों का दबदबा
उदयपुर के कई खिलाड़ी भारतीय दल में शामिल, 5 से 10 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया में होगा मुकाबला
उदयपुर, 25 सितम्बर (फूल शंकर डामोर):
ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट, ब्रिसबेन में 5 से 10 अक्टूबर तक होने वाले एशिया पैसिफिक लैक्रोस ओलंपिक क्वालीफायर के लिए भारतीय लैक्रोस टीम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय दल में राजस्थान, विशेषकर उदयपुर के जनजातीय क्षेत्र के कई खिलाड़ियों का चयन हुआ है। महिला टीम में सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, डाली गमेती, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, यशोदा गमेती, रोशनी बोस और जानवी राठौड़ शामिल हैं। पुरुष वर्ग में मोहनलाल गमेती, निशान्त नागदा, खुमाराम गमेती और नारायण लाल गमेती चयनित हुए हैं। दयाशंकर गमेती और विशाखा मेघवाल स्टैंडबाय में हैं।
आगरा में लगेगा हाई परफॉर्मेंस कैंप
टीम की तैयारियों के लिए 26 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक आगरा में हाई परफॉर्मेंस कैंप आयोजित होगा। इसमें भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों के बड़ी संख्या में चयन से क्षेत्र के खेलप्रेमियों में उत्साह है। राजस्थान लैक्रोस संघ और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
खिलाड़ी आगरा रवाना
ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट में 5 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक लैक्रोज ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले राजस्थान के खिलाड़ियों का दल आगामी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए आगरा रवाना हुआ। प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत खिलाड़ियों के लिए आगरा में हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है। खिलाड़ी यहां 3 अक्टूबर तक विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तकनीकी, शारीरिक एवं रणनीतिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद भारतीय दल ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगा।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने राजस्थान के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय जनजातीय क्षेत्र से उभरकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताया। सांसद डॉ. रावत ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और जीवटता के बल पर खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां न केवल उदयपुर और राजस्थान, बल्कि देश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
एशिया पैसिफिक क्वालीफायर में राजस्थान से सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, डाली गमेती, यशोदा गमेती, मीरा दौजा, जुला कुमारी गुर्जर, रोशनी बोस, जानवी राठौड़, मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, नारायण लाल गमेती एवं निशांत नागदा सहित खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। राजस्थान के इन खिलाड़ियों ने अपनी चयन यात्रा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए राज्यपाल, राजस्थान सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजस्थान माइन्स एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) तथा उदयपुर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।