भंवरासिया पंचायत में सरपंच चुनाव पर विवाद: हारे प्रत्याशी ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र से नामांकन का लगाया आरोप; एसडीएम बोले- जांच में नहीं मिली थी गड़बड़ी
उदयपुर, 13 नवम्बर: वल्लभनगर क्षेत्र की भंवरासिया ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के बाद आरक्षण और जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित सरपंच पद पर जगदीश भाट के निर्वाचित होने के बाद उनकी पात्रता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता और चुनाव में पराजित प्रत्याशी दुर्गा शंकर मेघवाल का आरोप है कि भाट जाति अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की सूची में शामिल है, इसके बावजूद जगदीश भाट ने एससी वर्ग का प्रमाण पत्र लगाकर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस मामले में जिला न्यायालय उदयपुर में 6 नवम्बर को अर्जी भी दाखिल की गई है, जो प्रक्रियाधीन है।
पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में 24 अक्टूबर को यहां मतदान हुआ था। सरपंच पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में थे। नामांकन के दौरान ही जगदीश भाट की उम्मीदवारी पर दूसरे प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि एससी के लिए आरक्षित पद पर ओबीसी वर्ग से संबंधित व्यक्ति चुनाव कैसे लड़ सकता है। हालांकि, रिटर्निंग अधिकारी ने नामांकन के साथ एससी वर्ग का जाति प्रमाण पत्र संलग्न होने के आधार पर आपत्ति खारिज नहीं की और उनका नामांकन स्वीकार कर लिया।
ओबीसी सूची में भाट जाति का उल्लेख
विवाद की मुख्य वजह राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ओबीसी जातियों की सूची है। इसमें भाट जाति का उल्लेख दूसरे क्रम पर बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता का सवाल है कि जब भाट जाति ओबीसी सूची में शामिल है तो एससी आरक्षित सीट पर जगदीश भाट की उम्मीदवारी किस आधार पर स्वीकार की गई। उनका आरोप है कि नामांकन में लगाया गया एससी प्रमाण पत्र फर्जी है।
एसडीएम बोले- प्रमाण पत्र में नहीं मिली गड़बड़ी
वल्लभनगर एसडीएम आरसी वड़ेरा ने बताया कि जिला निर्वाचन विभाग की ओर से नियुक्त रिटर्निंग अधिकारी ने शिकायत पर अपने स्तर पर निर्णय किया था। नामांकन के साथ एससी वर्ग का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया था और जांच के दौरान उसमें कोई गड़बड़ी नहीं मिली थी।