निजी स्कूल के हॉस्टल में मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई!

Share

छोटे भाई के साथ गंदी हरकत का विरोध करने पर 8 साल के बच्चे को कमरे में बंद कर बेंत से पीटा
बांसवाड़ा, 9 मई:
बांसवाड़ा के एक निजी स्कूल हॉस्टल में चौथी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल वार्डन ने बच्चे को कमरे में बंद कर बेंत से इतनी बेरहमी से पीटा कि वह बेहोश हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब गर्मी की छुट्टियों में घर पहुंचे बच्चे के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले।
छोटे भाई के पक्ष में बोलने पर पीटा
पीड़ित बच्चे ने बताया कि हॉस्टल में पढ़ रहे उसके 6 वर्षीय छोटे भाई के साथ कुछ सीनियर छात्रों ने गंदी हरकत की थी। जब उसने इसका विरोध किया तो शिकायत वार्डन तक पहुंच गई। आरोप है कि 3 मई की रात वार्डन उसे कमरे में ले गया, बेड पर उल्टा लिटाकर दीवार से चिपकाया और लकड़ी की बेंत से लगातार मारपीट की।
बच्चे के अनुसार मार इतनी ज्यादा थी कि बेंत टूट गई और वह बेहोश हो गया। जाते समय वार्डन ने किसी को बताने पर और मारने की धमकी भी दी।
मां ने देखे शरीर पर गहरे निशान
6 मई को घर पहुंचने पर मां लीला ने बच्चे को नहलाते समय उसकी पीठ, हाथ और पैरों पर नीले निशान देखे। पूछने पर बच्चा रो पड़ा और हॉस्टल वापस नहीं जाने की बात कही। राजतालाब थाना पुलिस ने आरोपी वार्डन के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।