500 से 600 पूर्व छात्रों के जुटने की संभावना, ड्रीम बॉक्स 2.0 में मिलेगा करियर मार्गदर्शन
उदयपुर, 22 अक्टूबर: कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी (सीडीएफटी), उदयपुर एवं सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित होगा। ‘इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप एवं सस्टेनेबिलिटी : खाद्य एवं डेयरी उद्योग का अगला दशक’ विषय पर होने वाले आयोजन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधार्थी, पूर्व छात्र और औद्योगिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. करुण चांडालिया ने बताया कि सेमिनार में 500 से 600 पूर्व छात्रों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में डेयरी एवं खाद्य उद्योग की आधुनिक तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप और टिकाऊ उत्पादन पर चर्चा होगी।
एसोसिएशन के सचिव निर्भय गोयल एवं नरेंद्र सिंह ने बताया कि ड्रीम बॉक्स 2.0 के तहत विद्यार्थियों को उद्यमिता, निजी क्षेत्र में रोजगार, सरकारी नौकरी एवं बैंकिंग, उच्च शिक्षा, विदेश अध्ययन और अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए पांच हॉल निर्धारित किए गए हैं, जहां पूर्व छात्र विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। 24 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे सूरजपोल स्थित आरसीए ऑडिटोरियम में उद्घाटन, मुख्य संबोधन, तकनीकी सत्र और पैनल चर्चा होगी। दोपहर 3 बजे सीडीएफटी परिसर में ड्रीम बॉक्स 2.0, वार्षिक साधारण सभा, पुरस्कार वितरण, चुनाव और सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी।