सामूहिकता का भाव जगाना समय की जरूरत

Share

फतेहनगर में संघ शिक्षा वर्ग का शुभारंभ, 27 जिलों के शिक्षार्थी ले रहे प्रशिक्षण
उदयपुर, 18 मई:
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग (महाविद्यालय विद्यार्थी) का सोमवार को फतेहनगर स्थित विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में संत ज्ञानानंद जी महाराज और राजस्थान क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। दीप प्रज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
‘कार्यकर्ता में कार्य दिखे, कर्ता नहीं’
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि सच्चा कार्यकर्ता वही है जिसमें कार्य दिखाई दे, लेकिन कर्ता का अहंकार नहीं हो। वहीं डॉ. रमेश अग्रवाल ने कहा कि समाज में बढ़ती व्यक्तिवादी प्रवृत्ति को समाप्त कर सामूहिकता का भाव जगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने शाखा पद्धति को व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।
15 दिन तक चलेगा प्रशिक्षण वर्ग
संघ शिक्षा वर्ग में चित्तौड़ प्रांत के 8 विभागों और 27 जिलों से आए शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। आगामी 15 दिनों तक शारीरिक, बौद्धिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। विशेष बात यह है कि पूरा वर्ग पॉलिथिन मुक्त रखा गया है और भोजन, आवास सहित सभी व्यवस्थाएं स्वयंसेवकों द्वारा संचालित की जा रही हैं।